बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपराढ़ नहर से पश्चिम बधार में बीती रात अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर की चोरी कर ली। बुधवार की सुबह खेत की ओर निकले किसानों की नजर जब पोल पर पड़ी तो ट्रांसफार्मर गायब मिला। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय किसानों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। किसानों के अनुसार, उक्त ट्रांसफार्मर से दर्जनों एकड़ में लगी धान की फसल की सिंचाई होती थी।
किसान नथुन साह, बबलू सिंह, लालजी साह, संतोष कुमार गुप्ता तथा मुखिया प्रतिनिधि पिंटू राय समेत अन्य किसानों ने बताया कि वर्तमान समय धान की फसल के लिए सिंचाई के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ट्रांसफार्मर चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है और समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हुई तो फसल प्रभावित होने की आशंका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड को भी बुलाया। खोजी कुत्ते की मदद से आसपास के इलाके में जांच की गई। जांच के दौरान चिन्हित एक घर से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि डॉग स्क्वायड की मदद से मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments