बक्सर । सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए पहचान बना चुके जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता बजरंगी मिश्रा ने रविवार को 93वीं बार रक्तदान किया। लगातार रक्तदान करते हुए उन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। जरूरतमंद मरीजों के लिए समय-समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही बजरंगी मिश्रा लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते रहे हैं।
बजरंगी मिश्रा पिछले कई वर्षों से बक्सर में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते रहे हैं। रक्तदान के प्रति उनकी निरंतरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह अब तक 93 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनके इस सामाजिक योगदान के लिए जिला, राज्य और देश स्तर पर विभिन्न मंचों से उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है।
रविवार को 93वीं बार रक्तदान करने के बाद बजरंगी मिश्रा ने कहा कि रक्तदान केवल किसी व्यक्ति की मदद करना नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। विशेषकर युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक होने की जरूरत है, ताकि आपात स्थिति में किसी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों के बीच जागरूकता लगातार बढ़ रही है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में लोगों को इस अभियान से जोड़ने की जरूरत है। उनका प्रयास है कि रक्तदान को लेकर अधिक से अधिक लोग आगे आएं और जरूरतमंदों की मदद के लिए समाज में एक मजबूत रक्तदाता समूह तैयार हो।
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि जब तक उनका स्वास्थ्य साथ देगा, तब तक वह रक्तदान और समाजसेवा के कार्यों में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments