बक्सर । पितृपक्ष मेले में गया में पिंडदान का कार्य संपन्न करने के बाद अयोध्या जा रहे यात्रियों से भरी बस सोमवार की अहले सुबह वीर कुंवर सिंह सेतु पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। करीब चार बजे बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार करीब 22 यात्री घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री तेलंगाना के रहने वाले हैं। सभी यात्री गया में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान का कार्य संपन्न करने के बाद अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान वीर कुंवर सिंह सेतु पर बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही नरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सभी को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा। सूचना मिलने के बाद बक्सर पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुट गई। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति चिकित्सकीय निगरानी में बताई जा रही है।
हादसे के बाद पुल पर आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए नरही पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को पुल से हटवाकर भरौली गोलंबर के पास खड़ा करा दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।
ये यात्री हुए घायल:
के. वेणु राव, के. राजेश्वरी राव, के. नारायण राव, के. स्वामी राव, के. विजयल राव, के. संपत राव, पी. इलैया, जी. राम रेड्डी, जी. राजू रेड्डी, के. संपत, वी. सर्वैया, बी. इलैया, वी. रामा राव, टी. एहेशिया, पी. वेंकट राव, टी. संपत राव, टी. नरसिंह राव और जी. राजेश्वरी राव समेत कुल 22 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments