- गोलंबर से चौसा तक निकलेगी स्वागत रैली, गृह जिले में होगा अभिनंदन समारोह; कुश्ती संघ के सचिव विकास राज ने जिलेवासियों से की शामिल होने की अपील
बक्सर । जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले बक्सर जिले के चौसा निवासी अविनाश पहलवान के आगमन पर 25 अक्टूबर को भव्य स्वागत किया जाएगा। उनके सम्मान में बक्सर गोलंबर से चौसा तक स्वागत रैली निकाली जाएगी। इसके बाद चौसा में उनके आवास के समीप अभिनंदन समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, स्वागत रैली रविवार की सुबह 10 बजे बक्सर गोलंबर से शुरू होगी। रैली सिंडिकेट, बाइपास रोड, ज्योति प्रकाश चौक और पुलिस चौकी होते हुए चौसा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अविनाश पहलवान के आवास तक पहुंचेगी। वहां उनके सम्मान में समारोह आयोजित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में निभाई अहम भूमिका
अविनाश पहलवान का एशियाई खेलों में भारतीय टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में चयन होना बक्सर और चौसा के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है। कुश्ती के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अविनाश के गृह जिले लौटने को लेकर खेल प्रेमियों, युवाओं और कुश्ती से जुड़े लोगों में उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि उनकी उपलब्धि से जिले के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
विकास राज ने की शामिल होने की अपील
बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज ने जिलेवासियों से स्वागत रैली और अभिनंदन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अविनाश पहलवान बिहार, बक्सर और चौसा की शान हैं। एशियाई खेलों में भारतीय टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में उनका चयन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक खिलाड़ी के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनका मनोबल बढ़ाने का भी अवसर है।
अपने खिलाड़ी के स्वागत को तैयार बक्सर
आयोजकों ने खेल प्रेमियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इस आयोजन में भागीदारी की अपील की है। 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बक्सर गोलंबर से शुरू होने वाली रैली के माध्यम से अविनाश पहलवान का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद चौसा में अभिनंदन समारोह आयोजित होगा।
आयोजकों ने जिलेवासियों से एकजुट होकर अपने खिलाड़ी का स्वागत करने और जिले की खेल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments