Ad Code

आजादी-पूर्व की गौरवशाली परंपरा को संजोएगा विजयादशमी महोत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 20 दिवसीय रामलीला का भव्य शुभारंभ



बक्सर । ऐतिहासिक किला मैदान स्थित विशाल रामलीला मंच पर रविवार की देर शाम श्री रामलीला समिति, बक्सर के तत्वावधान में आजादी-पूर्व से चली आ रही पारंपरिक 20 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के बीच हुआ। उद्घाटन के साथ ही किला मैदान का वातावरण धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंग गया।

लक्ष्मी नारायण मंदिर के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य महंत श्री राजगोपालाचार्य ‘त्यागी जी’ महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं आशीर्वचन के साथ महोत्सव का उद्घाटन किया। पूजन कार्य विद्वान पंडित छविनाथ त्रिपाठी, संजय शास्त्री, मनोज मिश्रा सहित अन्य विद्वानों ने संपन्न कराया। समिति के अध्यक्ष रमेश गोयल यजमान रहे। विभिन्न मंदिरों से पहुंचे वेदपाठी ब्रह्मचारियों ने वैदिक अनुष्ठान में सहयोग किया।



कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रमेश गोयल ने की। संचालन कोषाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुरेश संगम, स्वागत भाषण सचिव बैकुंठनाथ शर्मा तथा धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने किया। समारोह में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मुख्य अतिथि, विधान पार्षद जीवन कुमार एवं नगर परिषद की मुख्य पार्षद कमरून निशा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

आशीर्वचन देते हुए स्वामी राजगोपालाचार्य ‘त्यागी जी’ महाराज ने कहा कि बक्सर की धरती भगवान श्रीराम की स्मृतियों से जुड़ी है। यहां की रामलीला और कृष्णलीला सनातन संस्कृति, भक्ति एवं संस्कारों की जीवंत परंपरा हैं। उन्होंने कहा कि इन लीलाओं का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को सद्मार्ग की ओर प्रेरित करना है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बक्सर अपनी धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान के साथ समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए भी विशिष्ट है। आजादी-पूर्व से निरंतर आयोजित हो रही रामलीला इसी गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है तथा आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्य पार्षद कमरून निशा ने रामलीला को बक्सर की धार्मिक आस्था के साथ नगर की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बताया और आयोजन में नगर परिषद की ओर से यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समिति के सचिव बैकुंठनाथ शर्मा ने आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने की प्रतिबद्धता जताते हुए नगरवासियों, प्रशासन, मीडिया एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



महोत्सव के प्रथम दिन वृंदावन से पहुंचे प्रसिद्ध श्री बालकृष्ण रासलीला रामलीला मंडल के स्वामी एवं निर्देशक स्वामी मोहन श्याम भारद्वाज के निर्देशन में गणेश पूजन, श्रीराम-जानकी पूजन एवं आरती के बाद ‘नारद मोह लीला’ का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला में देवर्षि नारद के तप एवं भक्ति से उत्पन्न अहंकार तथा भगवान विष्णु की लीला के माध्यम से उनके मोहभंग और आत्मबोध को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रसंग के माध्यम से अहंकार त्याग, विनम्रता और भक्ति का संदेश दिया गया। मंचन के दौरान पूरा पंडाल धार्मिक जयकारों से गूंजता रहा।

इस अवसर पर दक्षिण बिहार प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र प्रसाद, गंगा समग्र दक्षिण बिहार प्रांत संयोजक शंभुनाथ पाण्डेय, समिति के रोहतास गोयल, कृष्णा वर्मा, उदय सर्राफ ‘जोखन’, सुशील मानसिंहका, निर्मल कुमार गुप्ता, प्रियेश कुमार प्रिंस, सुमित मानसिंहका, पंकज मानसिंहका, चिरंजीलाल चौधरी, ब्रजमोहन सेठ, राजेश चौरसिया, राजकुमार गुप्ता, बासुकीनाथ सिंह, नारायण राय, दिनेश सिंह, मदन जी दूबे, राकेश राय, शशिकांत चौधरी सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, दिनेश जायसवाल, डॉ. श्रवण तिवारी, भाजपा नेता रंजन तिवारी, ब्रजकिशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, साहित्यकार, व्यवसायी, जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu