Ad Code

19 साल से अधूरी पुलिया, मनोहरपुर में टूटा खंभा तो सड़क पर उतरे विद्यार्थी; पांच गांवों की पढ़ाई पर संकट


- बक्सर-सिकरौल नहर मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन, खतरनाक रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर थे छात्र; निर्माण पूरा कराने की मांग

बक्सर । इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के सामने सोन नहर पर पुलिया निर्माण अधूरा रहने से परेशान विद्यार्थियों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। नहर पार करने के लिए बिजली के खंभे से बनाए गए अस्थायी रास्ते के टूट जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इसका सीधा असर नहर के दूसरी तरफ स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय नारायणपुर मनोहरपुर जाने वाले विद्यार्थियों पर पड़ा। पांच गांवों के छात्रों की पढ़ाई बाधित होने से नाराज विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बक्सर-सिकरौल नहर मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिया निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई।



19 साल बाद भी अधूरी पुलिया, हादसों का खतरा बरकरार

ग्रामीणों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुलिया निर्माण योजना के तहत वर्ष 2007 में करीब 26 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण शुरू हुआ था। आरोप है कि अभियंताओं और संवेदक की कथित मिलीभगत के कारण निर्माण कार्य में लगातार देरी होती रही। वर्ष 2016 में पुलिया की ढलाई शुरू की गई, लेकिन निर्माणाधीन पुलिया उसी दौरान धराशायी हो गई। इसके बाद से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।

पुलिया नहीं बनने के कारण ग्रामीणों ने नहर पार करने के लिए बिजली का खंभा डालकर अस्थायी रास्ता बनाया था। इसी जोखिम भरे रास्ते से पांच गांवों के विद्यार्थी रोजाना स्कूल आते-जाते थे। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विद्यार्थी फिसलकर नहर में गिर चुके हैं। गुरुवार की शाम खंभा टूटने से कई लोग नहर में गिरकर चोटिल हो गए, जिसके बाद रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।




जनप्रतिनिधियों से गुहार, फिर भी नहीं निकला समाधान

ग्रामीण मुकेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिया निर्माण पूरा कराने के लिए पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, तत्कालीन सांसद अश्विनी कुमार चौबे और वर्तमान विधायक संतोष कुमार निराला से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

दीपू उपाध्याय, योगेंद्र उपाध्याय, संजय राम, राजू यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि पुलिया का निर्माण पूरा नहीं होने से विद्यार्थियों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक पुलिया निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

सड़क जाम की सूचना पर पुलिस सक्रिय

सड़क जाम की सूचना मिलने पर इटाढ़ी थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की बात कही। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि तत्काल पहल कर अधूरी पुलिया का निर्माण पूरा कराएं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित रास्ता मिल सके और पांच गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu