बक्सर । बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम के 20वें महापरिनिर्वाण दिवस पर बक्सर के नगर भवन में बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (BS4) एवं बहुजन सेना के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सामाजिक न्याय, बहुजन एकता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कांशीराम के विचारों को वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में प्रासंगिक बताते हुए बहुजन समाज को संगठित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता BS4 के जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम ने की, जबकि मंच संचालन चक्रवर्ती चौधरी और कमलेश राव ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में BS4 एवं बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक सह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव कौशलेन्द्र कुमार उर्फ छोटू मुखिया, प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार मंडल और बहुजन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यू सिंह कुशवाहा शामिल हुए।
बहुजन एकता से ही मजबूत होगा लोकतंत्र : अनिल कुमार
मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने कहा कि कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें याद करने के साथ उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना भी जरूरी है। उन्होंने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
अनिल कुमार ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए बहुजन समाज को संगठित होना होगा। कांशीराम के विचार सामाजिक एकता और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए BS4 और बहुजन सेना का संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही, उन्होंने लोगों से कांशीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कांशीराम ने घर-घर तक पहुंचाए आंबेडकर के विचार : रामचन्द्र सिंह यादव
पूर्व विधायक एवं BS4 के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान को देश के घर-घर तक पहुंचाने के लिए संघर्ष किया। उनके आंदोलन ने सामाजिक न्याय और संविधानवादी विचारधारा को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, बहुजन, शोषित, पीड़ित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों से एकजुट होकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने बक्सर को अपराधमुक्त बनाने और बिहार में बहुजन समाज की आवाज बुलंद करने के लिए सामूहिक संघर्ष की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
कार्यक्रम में पवन कुमार, जय प्रकाश यादव, शिव बहादुर पटेल, पप्पू पटेल, रमेश कुमार राजभर, मति उर्वर रहमान, जय नारायण राम, रामानन्द सिंह कुशवाहा, वीरेन्द्र सम्राट, पृथ्वीराज, मुकेश पासवान, बड़क राम और शारदा बौद्ध सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बहुजन समाज को संगठित करने, सामाजिक न्याय को मजबूत बनाने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments