बक्सर । नाबालिग का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने और विरोध पर गर्म लोहे से जलाने के मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने दो दोषियों मुन्ना नट और गणेश नट उर्फ जतहा नट को प्राकृतिक जीवन की शेष अवधि तक उम्रकैद की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा की अदालत ने पीड़िता को 18 लाख रुपये मुआवजा देने का भी आदेश दिया। वहीं, तीसरे दोषी जगत नट को जेल में बिताई गई अवधि की सजा सुनाते हुए एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
मामला पॉक्सो केस संख्या 27/2022 से संबंधित है। इसकी प्राथमिकी नावानगर (सोनवर्षा ओपी) थाना कांड संख्या 233/2013 के तहत दर्ज की गई थी। अभियोजन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली पीड़िता को वर्ष 2013 में बेहोशी की हालत में सोनवर्षा लाकर एक मकान में बंधक बना लिया गया था। वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। विरोध करने और भागने की कोशिश पर उसे गर्म लोहे से जलाया गया। 28 सितंबर 2013 को मौका पाकर वह भाग निकली और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस तक पहुंची।
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 15 गवाह पेश किए। विशेष लोक अभियोजक सुरेश कुमार सिंह ने पक्ष रखा। न्यायालय ने दोनों मुख्य दोषियों को दुष्कर्म के मामले में प्राकृतिक जीवन की शेष अवधि तक उम्रकैद के अलावा अन्य संबंधित अपराधों में भी सजा सुनाई। मारपीट और बंधक बनाने के मामले में एक-एक वर्ष तथा अपहरण और अन्य अपराधों में 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा दी गई। संबंधित धाराओं में दोनों पर अलग-अलग 10-10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
तीसरे दोषी जगत नट को भारतीय दंड संहिता की धारा 368 के तहत जेल में बिताई गई अवधि की सजा सुनाई गई। जुर्माना नहीं देने पर उसे एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। न्यायालय ने उसे तत्काल रिहा करने का आदेश दिया, बशर्ते वह किसी अन्य मामले में वांछित न हो।
न्यायालय ने बिहार पीड़ित प्रतिकर योजना, 2019 और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के तहत पीड़िता को 18 लाख रुपये देने का आदेश दिया है। इसमें सामूहिक दुष्कर्म के लिए 15 लाख और जलने से लगी छह चोटों के लिए तीन लाख रुपये शामिल हैं। 15 लाख रुपये तीन साल के लिए सावधि जमा में रखे जाएंगे, जिस पर पीड़िता मासिक ब्याज निकाल सकेगी। अवधि पूरी होने पर पूरी राशि प्राप्त होगी, जबकि शेष तीन लाख रुपये तत्काल निकाले जा सकेंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments