बक्सर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नगर इकाई की ओर से मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित बीबी हाई स्कूल के खेल मैदान में विजयादशमी उत्सव मनाया गया। इस दौरान करीब 150 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में शहर की प्रमुख सड़कों पर अनुशासित पथ संचलन कर संगठन, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दक्षिण बिहार प्रांत के प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख उपेंद्र भाई त्यागी ने संघ की स्थापना, उद्देश्यों और विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने समाज को संगठित कर राष्ट्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना की थी।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी सीमोल्लंघन का पर्व है, जो अपनी कमजोरियों और संकीर्णताओं से ऊपर उठकर बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। संघ के शताब्दी वर्ष को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर बताते हुए उन्होंने स्वयंसेवकों से पंच परिवर्तन को जीवन में अपनाने की अपील की।
उन्होंने सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर जोर दिया। जाति-वर्ग के भेदभाव को दूर करने, परिवारों में संस्कार विकसित करने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वच्छता एवं यातायात नियमों का पालन करने तथा जल संरक्षण और पौधारोपण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इन पांच विषयों को व्यवहार में उतारकर ही समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में दक्षिण बिहार प्रांत के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, बक्सर के नगर संघचालक ओमप्रकाश वर्मा, अभिषेक भारती, अविनाश कुमार, अभिमन्यु सिंह, आलोक देश पांडेय, राजेश राघव, विन्ध्वासिनी मिश्र, अभिजीत ठाकुर, निशांत उपाध्याय, अनिल श्रीवास्तव, राहुल रंजन, सोनू वर्मा, गौरव कुमार और अमरनाथ वर्मा समेत संघ के कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments