Ad Code

ब्रह्मपुर में गांजे की बड़ी खेप बरामद, सात गिरफ्तार; 32.7 किलो गांजा और 1.13 क्विंटल सिक्का जब्त, दो दिनों में हेरोइन और गांजे की बड़ी बरामदगी से अवैध नशे के कारोबार पर उठे सवाल, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस



बक्सर । ब्रह्मपुर थाना पुलिस ने नगर पंचायत क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 32 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक क्विंटल 13 किलो सिक्का, दो बाइक, सात मोबाइल और तराजू भी जब्त किया गया है।


पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य को नगर पंचायत निवासी राजन शर्मा, पिता बाला शर्मा, के घर में गांजे की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने संबंधित घर से गांजा समेत अन्य सामान बरामद किया।

थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। हालांकि, तत्काल गिरफ्तार सातों लोगों के नाम और पते सार्वजनिक नहीं किए गए।


दो दिनों में दूसरी बड़ी बरामदगी :

ब्रह्मपुर और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की लगातार बरामदगी ने अवैध कारोबार की व्यापकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे दो दिन पहले रघुनाथपुर में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 480 पुड़िया हेरोइन, एक लाख 11 हजार रुपये नकद और 7.45 किलो सिक्का बरामद किया था। उस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

दो दिनों के भीतर हेरोइन और गांजे की बड़ी खेप मिलने से पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। बुधवार की कार्रवाई के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में कई घंटों तक अफरातफरी का माहौल रहा। छापेमारी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu