Ad Code

102 साल पुरानी रामलीला पर ताले से भड़का आक्रोश, प्रशासनिक पहल पर खुला मंच, चौसा में नगर पंचायत कार्यालय में चार घंटे तालाबंदी, एसडीएम ने जताया खेद तो ईओ ने खोला ताला


बक्सर । चौसा में 102 साल पुरानी रामलीला पर ताला लगाए जाने को लेकर उपजा विवाद बुधवार को प्रशासनिक पहल के बाद समाप्त हो गया। साक्षरता भवन सह रामलीला मंच बंद किए जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय में चार घंटे से अधिक समय तक तालाबंदी कर विरोध जताया। बाद में सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय के हस्तक्षेप से मंच का ताला खुला।


दरअसल, मंगलवार शाम कायाकल्प योजना के तहत जांच के दौरान गंदगी मिलने पर नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने साक्षरता भवन सह रामलीला मंच पर ताला लगा दिया था। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने इसे धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा मामला बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।



बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में तालाबंदी की सूचना पर पहुंचे एसडीएम और एसडीपीओ ने लोगों से बातचीत की। इसके बाद सभी साक्षरता भवन पहुंचे, जहां एसडीएम ने कार्रवाई पर खेद जताया और ईओ ने ताला खोल दिया। ताला खुलते ही लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए।

एसडीएम ने कहा कि रामलीला बंद नहीं होनी चाहिए थी। किसी भी समस्या का समाधान बैठक और बातचीत से निकाला जा सकता है। वहीं, ईओ ने स्पष्ट किया कि रामलीला रोकना उनकी मंशा नहीं थी। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद विवाद समाप्त होने से स्थानीय लोगों ने राहत जताई।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu