बक्सर । श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की बक्सर जिला इकाई के वाट्सएप ग्रुप में पत्रकारों ने प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मृत्युंजय सिंह के साथ कथित घटना की सामूहिक रूप से निंदा की है। पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मृत्युंजय सिंह ने 8 सितंबर को बक्सर एसपी को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि मंगलवार की सुबह करीब 9:09 बजे भाजपा नेता प्रदीप राय ने एक मोबाइल नंबर से उनके मोबाइल पर फोन किया। आवेदन के अनुसार, बातचीत के दौरान प्रभात खबर में प्रकाशित आरटीआई कार्यकर्ता शिवप्रकाश राय के घर पर बदमाशों के पहुंचने से संबंधित खबर को लेकर बात हुई और कथित तौर पर उन्हें धमकी दी गई। पत्रकार ने आवेदन में कहा है कि फोन पर उनसे यह कहा गया कि “यह आपसे हमारी अंतिम बार बात हो रही है, इसके बाद अब बात नहीं करेंगे।” इस कथित बातचीत के बाद उन्होंने भयभीत होने की बात कही है।
मृत्युंजय सिंह ने एसपी से अपने मोबाइल की सीडीआर की जांच कराने और पूरे मामले की जांच कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में नगर थाना में भी लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। बताया गया है कि आवेदन की प्रतियां डीएसपी और एसपी को भी दी गई हैं।
होटल में तलाश करने का भी आरोप :
इसी बीच ब्यूरो चीफ ने कुछ तस्वीरें साझा करते हुए आरोप लगाया है कि दो लोग उन्हें खोजते हुए एक होटल पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों के पहुंचने की तस्वीरें कैद हुई हैं। इस संबंध में भी उन्होंने पुलिस से जांच की मांग की है।
दूसरे पक्ष ने फिलहाल स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी :
मामले में भाजपा नेता प्रदीप राय का पक्ष जानने के लिए उनके निजी सहायक अमित मिश्रा से संपर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया गया। हालांकि, उन्होंने फिलहाल इस मामले में कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने से परहेज किया और कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार :
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है। पत्रकार की ओर से दिए गए आवेदन, कथित फोन कॉल की सीडीआर और होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments