बक्सर । फरक्का जल संधि के पुनर्विचार और बिहार के हितों को लेकर बक्सर से शुरू हुए जदयू के ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता को लेकर पार्टी नेताओं में उत्साह है। जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह ऐतिहासिक आयोजन सफल हुआ।
उन्होंने विशेष रूप से डुमरांव विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष निराला और जदयू की प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा की भूमिका की सराहना की। जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि इन नेताओं के बेहतर समन्वय और सक्रिय भागीदारी के साथ जिले भर के कार्यकर्ताओं की मेहनत ने ‘नीतीश संवाद’ को एक सफल और यादगार कार्यक्रम बना दिया।
राजकुमार शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी ऐतिहासिक भीड़ ने साबित कर दिया कि बक्सर में जदयू का संगठन मजबूत है और पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद बक्सर में इतने बड़े स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी पार्टी की एकजुटता और संगठनात्मक क्षमता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘नीतीश संवाद’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार के जल अधिकार, गंगा में बढ़ती गाद, बाढ़, सिंचाई और किसानों से जुड़े सवालों को जनता के बीच ले जाने का अभियान है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बक्सर से शुरू हुए इस अभियान को गंगा किनारे बसे बिहार के अन्य जिलों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बक्सर की तरह आगामी कार्यक्रमों में भी जदयू कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ भाग लेंगे।
राजकुमार शर्मा ने कहा कि ‘नीतीश संवाद’ की सफलता में जिले के छोटे से लेकर बड़े हर कार्यकर्ता की भूमिका रही है और पार्टी सभी के योगदान का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के इसी उत्साह और संगठन की मजबूती के दम पर जदयू बिहार के हितों से जुड़े मुद्दों को और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच उठाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments