Ad Code

जन सुराज की संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक पार्टी मजबूत करने पर जोर



बक्सर । शहर के एनएच-922 स्थित जन सुराज पार्टी कार्यालय में रविवार को महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने की, जबकि संचालन डॉ. जयशंकर सिंह ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी और पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव हेमंत चौबे मौजूद रहे। वहीं शाहाबाद प्रभारी रविंद्र द्विवेदी एवं संगठन प्रभारी आनंद सिंह ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

प्रदेश महासचिव हेमंत चौबे ने कहा कि प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशांत किशोर के नेतृत्व में सघन जनसंपर्क और क्षेत्र भ्रमण की कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिसे जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर चुनाव में जीत के बाद पूरे बिहार में प्रशांत किशोर के प्रति लोगों की उम्मीद बढ़ी है।





जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि प्रशांत किशोर के आगामी बक्सर दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों और व्यवस्थाओं पर बैठक में चर्चा की गई। इसके साथ ही 2 अक्टूबर को पार्टी स्थापना दिवस जिला स्तर पर भव्य रूप से मनाने की रूपरेखा भी तय की गई।

शाहाबाद प्रभारी रविंद्र द्विवेदी ने कहा कि पार्टी के विचारों से जुड़ने वाले लोगों और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

संगठन प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि बक्सर में बदलाव की नई इबारत लिखने और जन सुराज के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

वहीं पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक एवं अभिषेक पांडेय ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार को लेकर अपने सुझाव एवं रणनीति साझा की।



बैठक के अंत में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेने का आह्वान किया।

इस दौरान अरविंद पांडेय, दिवाकर पाठक, धनजी पांडेय, कनकलता सिंह, अजीत सम्राट, फैयाज खान, आशा देवी, जोगिंदर यादव, विष्णुदेव तिवारी, धनंजय पासवान, संजय सिंह, रिंकी उपाध्याय, राधिका देवी, हसन, फाइटर सिंह खान, धनजी उपाध्याय, प्रकाश शर्मा, विजय आनंद वर्मा, धाकड़ पांडेय, अरुण मिश्रा, शिवनंदन ठाकुर, दीपक सिंह, नजीर खान, विकास पाठक, अभिषेक सिंह, विशेश्वर दुबे, सरोज कुमार माली, कामेश्वर ओझा, अमरिंदर मिश्रा, अभिषेक मौर्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu