बक्सर । जिले के सरकारी स्कूलों से लगातार चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं और हर नए मामले के साथ शिक्षा विभाग की कार्रवाई का दायरा बढ़ता जा रहा है। छात्राओं से कुकर्म कांड, छात्रा से कंधे की मालिश कराने के आरोप, लोहे के स्केल और चप्पल से पिटाई की शिकायत के बाद अब बच्चों की पिटाई का वायरल वीडियो सामने आने पर फिर विभागीय कार्रवाई हुई है। ताजा मामले में चौसा प्रखंड के बालिका मध्य विद्यालय रामपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विपिन कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 3 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार, 29 जुलाई को सोशल मीडिया पर बालिका मध्य विद्यालय रामपुर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें विद्यालय की छात्रा-छात्राओं के साथ प्रखंड शिक्षिका सुषमा सिंह द्वारा मारपीट और शारीरिक क्षति पहुंचाने जैसे अमानवीय व्यवहार का आरोप सामने आया था।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी चौसा ने 1 अगस्त को विद्यालय का निरीक्षण किया और संबंधित शिक्षिका व प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा। जांच और स्पष्टीकरण के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक विपिन कुमार पर विद्यालय संचालन में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा शिक्षक की मर्यादा और आदर्श आचरण के विपरीत कार्य करने के आरोप में कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत विपिन कुमार को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के अधीन कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, नावानगर निर्धारित किया गया है।
लगातार सामने आ रहे हैं मामले :
हाल के दिनों में डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय में छात्राओं से कुकर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद ब्रह्मपुर के मध्य विद्यालय गरहथा कला में निरीक्षण के दौरान एक छात्रा से कंधे की मालिश कराने के आरोप सहित कई शैक्षणिक और प्रशासनिक अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया।
वहीं, बक्सर के आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय की छात्राओं ने प्रधानाध्यापिका और शिक्षिकाओं पर मारपीट व दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। छात्राओं ने प्रधानाध्यापिका पर लोहे के स्केल और चप्पल से पिटाई करने का भी आरोप लगाया था। जांच के बाद प्रधानाध्यापिका अंजु कुमारी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई।
अब चौसा के रामपुर विद्यालय का वायरल वीडियो और उसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक पर हुई कार्रवाई ने शिक्षा महकमे में फिर हलचल मचा दी है। लगातार सामने आ रहे मामलों और ताबड़तोड़ निलंबन की कार्रवाई से सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं विभाग की सख्ती से शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन में भी हड़कंप की स्थिति है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments