Ad Code

ईटाढ़ी रेल गुमटी मुद्दे पर कांग्रेस नेता डॉ. स्नेहाशीष का प्रशासन पर निशाना, हिरासत में लिए कांग्रेसी नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग



बक्सर । ईटाढ़ी रेल गुमटी खोलने और क्षतिग्रस्त रेल ओवरब्रिज (आरओबी) की शीघ्र मरम्मत की मांग को लेकर रेल चक्का जाम के दौरान कांग्रेस नेताओं व संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों को हिरासत में लिए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने जिला प्रशासन और रेल प्रशासन पर जनहित की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, वरिष्ठ नेता हरिशंकर त्रिवेदी, संघर्ष समिति के नेता सरोज राजभर समेत हिरासत में लिए गए सभी लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की है।




डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि ईटाढ़ी रेल गुमटी खोलने और रेल ओवरब्रिज की मरम्मत की मांग पिछले तीन महीनों से लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही है, लेकिन जिला प्रशासन और रेलवे ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुके आरओबी और रेल गुमटी बंद होने से बक्सर का बड़ा इलाका सुगम आवागमन से वंचित है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस जिला कमेटी ने जनहित के इस मुद्दे को लेकर दानापुर डीआरएम से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से रेल चक्का जाम कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बलपूर्वक हिरासत में ले लिया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि हिरासत में लिए गए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अविलंब रिहा किया जाए तथा जनहित को देखते हुए ईटाढ़ी रेल गुमटी को तत्काल खोला जाए और रेल ओवरब्रिज की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu