बक्सर । साबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय, जिला बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस उत्साह, धूमधाम और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण होने और 80वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर संस्था की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 80 लोगों के बीच 80 पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव सह साबित ख़िदमत फाउंडेशन अस्पताल के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम, डेंटल सर्जन डॉ. खालिद रज़ा, अधिवक्ता आजम, संस्था के सदस्य तथा अस्पताल के नर्सिंग एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुलाम ख्वाजा द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों से हुआ। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति करते हुए एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए युवाओं को आगे आकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। युवाशक्ति के सहयोग से भारत सामाजिक, वैश्विक, शैक्षणिक और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राष्ट्र बन सकता है।
डॉ. खालिद रज़ा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं अधिवक्ता आजम ने प्रेरणादायक विचार रखते हुए देशप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन गुलाम ख्वाजा की प्रस्तुति के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रियंका, सैयदा, अनीता कुमारी, जायसवाल, धनेश्वरी, आरती, देवांती, आशा, सोनम, तरन्नुम, नासिर, नसीम, सुनील, रवि, प्रदीप और एहसान सहित संस्था के सदस्य, अस्पतालकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments