Ad Code

कटाव निरोधक कार्य में कथित अनियमितता पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत, मुख्य सचिव से जांच की मांग


बक्सर । जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत नैनीजोर, ढाबी, प्रबोधपुर, बिहार घाट तथा उत्तरी नैनीजोर से केशोपुर हनुमान घाट तक कराए गए बाढ़ पूर्व कटाव निरोधक कार्यों में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए सिमरी प्रखंड के खरहाटॉड गाँव निवासी प्रकाश ओझा ने मुख्य सचिव, बिहार से मामले की जांच कराने की मांग की है।




प्रकाश ओझा ने अपने आवेदन में कहा है कि बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा उक्त क्षेत्रों में कटाव को रोकने के लिए विभिन्न कार्य कराए गए हैं। इनमें जिओ बैग में मिट्टी भरने और उन्हें कटाव प्रभावित क्षेत्रों में लगाने का कार्य भी शामिल है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, जिओ बैग में निर्धारित मात्रा में मिट्टी भरने, जिओ बैग की संख्या एवं गुणवत्ता, कार्यस्थल पर वास्तविक रूप से कराए गए कार्य तथा विभागीय प्राक्कलन और माप पुस्तिका के अनुरूप कार्य होने को लेकर गंभीर अनियमितता की आशंका जताई है।

आवेदक के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने पूर्व में कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण विभाग, बक्सर-सह-भोजपुर को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक हो गई है।





उन्होंने बताया कि इससे पहले 10 जून 2026 को भी जिला पदाधिकारी, बक्सर को आवेदन देकर मामले की जांच और दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। आवेदन में 9 जून 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित नैनीजोर में कटाव निरोधक कार्य से संबंधित खबर का हवाला भी दिया गया था।

प्रकाश ओझा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कटाव निरोधक कार्य सीधे तौर पर जनहित और लोगों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। यदि जिओ बैग में निर्धारित मात्रा में मिट्टी नहीं भरी गई हो या कार्य मानक के अनुरूप नहीं कराया गया हो, तो बाढ़ के दौरान तटबंध के समीप स्थित प्रबोधपुर, ढाबी, उत्तरी नैनीजोर, केशोपुर, राजपुर और गंगौली समेत अन्य गांवों के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।

उन्होंने मुख्य सचिव से जिला स्तरीय जांच टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर कार्य एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले में की गई कार्रवाई से अवगत कराने का भी अनुरोध किया है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu