बक्सर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बक्सर इकाई ने शनिवार को विभाग संयोजक अविनाश पांडेय के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर +2 बी.एन. उच्च विद्यालय, ब्रह्मपुर से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो एवं विद्यालय में सामने आए कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करता है। परिषद का आरोप है कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से कथित अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
इसी बीच विद्यालय परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं एक शिक्षक के बीच विवाद तथा अभद्र भाषा का प्रयोग स्पष्ट रूप से दिखाई और सुनाई दे रहा है। परिषद ने कहा कि इस घटना से शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा हुआ है।
विद्यार्थी परिषद ने जिला प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही विद्यालय में कथित अवैध वसूली के आरोपों की भी गहन जांच कर दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिषद का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करती हैं तथा विद्यार्थियों के मनोबल और शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर डालती हैं।
परिषद ने अपने ज्ञापन की प्रतिलिपि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव (शिक्षा विभाग) एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर को भी भेजी है।
इस अवसर पर विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के अधिकार, सम्मान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अनीश तिवारी, प्रियांशु शुभम, विराज सिंह, संजीत यादव, रोहित मिश्रा सहित विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments