पटना । मगध रेंज के आईजी एवं "लेट्स इंस्पायर बिहार" अभियान के सूत्रधार आईपीएस विकास वैभव को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के कथित विवादित बयान के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में उनकी कार्यशैली का समर्थन करने वाले लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में पटना के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. अरविंद पांडेय ने भी बयान जारी कर तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है।
डॉ. अरविंद पांडेय ने कहा कि किसी भी ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने से पहले तथ्यों और प्रमाणों की पूरी जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिना ठोस साक्ष्य के लगाए गए आरोप न केवल संबंधित अधिकारी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न करते हैं।
उन्होंने कहा कि आईपीएस विकास वैभव के संबंध में लगाए गए आरोपों के समर्थन में यदि कोई प्रमाण नहीं है तो इस प्रकार की टिप्पणी उचित नहीं मानी जा सकती। उनके अनुसार, "लेट्स इंस्पायर बिहार" एक सामाजिक एवं प्रेरणादायक अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, नेतृत्व, नवाचार, नैतिकता और समाजसेवा के लिए प्रेरित करना है। इसे किसी राजनीतिक मंच या संगठन के रूप में देखना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।
डॉ. अरविंद पांडेय ने कहा कि किसी सामाजिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों या विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की उपस्थिति को राजनीतिक संबंध या फंडिंग का आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास वैभव की प्रशासनिक जिम्मेदारियां और उनकी सामाजिक पहल दोनों अलग-अलग विषय हैं तथा उनकी पुलिसिंग का मूल्यांकन उनके कार्य, निष्पक्षता और कानून के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास वैभव अपनी ईमानदार, निष्पक्ष और प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं तथा मगध क्षेत्र में उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई कर लोगों का विश्वास जीता है। डॉ. पांडेय ने लोकतंत्र में आलोचना के अधिकार का सम्मान करते हुए कहा कि आलोचना हमेशा तथ्यों, प्रमाणों और मर्यादा के दायरे में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना साक्ष्य किसी अधिकारी की ईमानदारी पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments