बक्सर । इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम आवागमन के लिए खोलने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन ने रविवार को नया मोड़ ले लिया। बक्सर के सांसद स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठकर अपना समर्थन जताया।
दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस धरने में सांसद ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी लंबे समय से बंद रहने के कारण क्षेत्र की जनता को रोजाना गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों को विद्यालय और महाविद्यालय आने-जाने में परेशानी हो रही है, वहीं किसानों, मरीजों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों का आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित है।
सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को लोकसभा में भी प्रमुखता से उठाया है और जब तक सरकार गुमटी खोलने की मांग स्वीकार नहीं करती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रेलवे गुमटी का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और उनके अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।
धरना कार्यक्रम में राजद के जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह, राजद नेता संतोष भारती, जिला प्रवक्ता विनोद यादव, कोषाध्यक्ष जुल्फिकार खान, छात्र नेता मंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को शीघ्र खोलने की मांग करते हुए आंदोलन को और तेज करने की बात कही।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल अनिश्चितकालीन धरना जारी है और आंदोलनकारी प्रशासन एवं रेलवे से समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments