बक्सर । दधीचि देहदान समिति, बक्सर की ओर से राष्ट्रीय नेत्रदान एवं अंगदान जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को अध्यक्ष मीना सिंह के नेतृत्व में ज्योति प्रकाश चौक से मॉडल थाना तक ब्लाइंड वॉक का आयोजन किया गया। इस जागरूकता पदयात्रा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और नेत्रदान के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
पदयात्रा से पूर्व सिटी पैलेस के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां समिति की मुहिम से जुड़े नए सदस्यों को सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने नेत्रदान एवं अंगदान जैसे मानवीय कार्यों को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की।
समिति की अध्यक्ष मीना सिंह ने कहा कि ब्लाइंड वॉक आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना और उन लोगों के दर्द को महसूस कराना है, जो दृष्टिहीन होने के कारण दुनिया की खूबसूरती नहीं देख पाते। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग नेत्रदान का संकल्प लें, तो हजारों दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में उजाला लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया, जो दधीचि देहदान समिति, बक्सर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जदयू प्रदेश नेता अशोक प्रजापति, जदयू नेता दिनेश सिंह, जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष नीलम सिन्हा, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, रोटरी क्लब के अध्यक्ष निर्मल सिंह,विपिन कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लेकर अभियान को अपना समर्थन दिया तथा समाज से नेत्रदान और अंगदान जैसी महान मुहिम से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया और इस जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments