बक्सर । डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को नियाजीपुर बाजार से विशेष "बीमा रथ" को रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय कुमार मिश्रा (सदस्य, टेलीकॉम बोर्ड एवं वरिष्ठ भाजपा नेता) तथा बक्सर की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि डाक विभाग की बीमा योजनाएं देश की सबसे सुरक्षित और विश्वसनीय योजनाओं में शामिल हैं, जो न्यूनतम प्रीमियम पर बेहतर रिटर्न और अधिक बोनस उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान स्वयं 20 लाख रुपये का डाक जीवन बीमा (PLI) भी कराया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे 10 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत न्यूनतम 250 रुपये से खाता खुलवाकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाएं।
डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने बताया कि बीमा रथ का मुख्य उद्देश्य जिले के सुदूर ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों तक डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कम प्रीमियम, अधिक बोनस और सरकारी सुरक्षा वाली इन योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में डाक निरीक्षक (डुमरांव) रणजीत कुमार ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत मात्र 10 हजार रुपये की न्यूनतम बीमित राशि से भी बीमा कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह योजना कम आय वाले परिवारों के लिए बचत और आर्थिक सुरक्षा का प्रभावी माध्यम है।
डाक विभाग के अनुसार, यह बीमा रथ नियाजीपुर बाजार से रवाना होकर बक्सर जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से लाउडस्पीकर, पंपलेट और डाक कर्मियों की टीम लोगों को डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करेगी।
कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, सहायक डाक अधीक्षक (बक्सर अनुमंडल) नवीन कुमार, डाक निरीक्षक (रघुनाथपुर) मनीष कुमार, स्थानीय डाक कर्मचारी, प्रबुद्ध नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments