Ad Code

बक्सर में रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 585 अभ्यर्थियों का हुआ ऑन-द-स्पॉट चयन



बक्सर । जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में बुधवार को संयुक्त श्रम भवन परिसर में एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिला पदाधिकारी साहिला, जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, श्रम अधीक्षक संजय कुमार तथा जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 26 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां विभिन्न क्षेत्रों में एक हजार से अधिक रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई। इसके अलावा जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, डीआरसीसी एवं आरसेटी (RSETI) द्वारा व्यवसायिक मार्गदर्शन के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए।




मेले में कुल 1,274 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया, जिनमें से 585 अभ्यर्थियों का प्रथम चरण में ही ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया। वहीं 366 युवाओं को करियर एवं व्यवसायिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

इस बार रोजगार मेले की खास बात यह रही कि पहली बार बक्सर जिले के तीन स्थानीय स्टार्टअप—खाना मखाना, खुशुबु रेडिमेड और बॉम्बे ऑयल मिल—को भी स्टॉल उपलब्ध कराया गया, ताकि जिले के स्टार्टअप को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनका प्रचार-प्रसार किया जा सके।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी साहिला ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की "नियोजक आपके द्वार" पहल के तहत प्रत्येक जिले में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं।





उन्होंने कहा कि नौकरी की शुरुआत में युवाओं को कार्यकुशलता, प्रशिक्षण और सीखने की भावना पर विशेष ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से अपने करियर विकल्पों को सीमित नहीं रखने और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कुशल युवा कार्यक्रम में प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसके बाद सभी अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के स्टॉल का निरीक्षण कर उपलब्ध रिक्तियों और कार्यस्थल से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

इस मौके पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा धीरज कुमार (निम्न वर्गीय लिपिक), तिरूपति नाथ शर्मा (डाटा एंट्री ऑपरेटर), कामेश्वर प्रसाद, जिला कौशल प्रबंधक विवेक कुमार सहित जिला नियोजनालय एवं कौशल विकास विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu