Ad Code

बक्सर के प्रभंजन कुमार चौबे बने जिला शिक्षा पदाधिकारी, गांव में रहकर की तैयारी, अब UPSC-आईएएस है अगला लक्ष्य


बक्सर । जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत तिवाय गांव के निवासी प्रभंजन कुमार चौबे ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव और जिले में खुशी का माहौल है तथा लोगों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

प्रभंजन कुमार चौबे स्वर्गीय ह्रदय नारायण चौबे के पुत्र हैं। उनकी माता स्वर्गीय लीलावती देवी थीं। परिवार में बड़े भाई और भाभी सहित अन्य सदस्य हैं, जिन्होंने उनकी सफलता की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



प्रभंजन की प्रारंभिक शिक्षा बिहार बोर्ड से हुई। उन्होंने वर्ष 2011 में गांधी मेमोरियल हाई स्कूल, नागपुर (बक्सर) से मैट्रिक की परीक्षा 82 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2013 में आदर्श इंटर कॉलेज, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) से इंटरमीडिएट में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पीजी कॉलेज, गाजीपुर से बीएससी तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) में एमएससी की डिग्री हासिल की।

उनकी सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। गांव में रहकर स्वयं अध्ययन, इंटरनेट और यूट्यूब जैसे ऑनलाइन माध्यमों की मदद से तैयारी की। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के लिए घंटों की संख्या मायने नहीं रखती, बल्कि समर्पण और एकाग्रता सबसे महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार नियमित रूप से 5 से 6 घंटे की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सफलता के लिए पर्याप्त हो सकती है।





अपनी सफलता का श्रेय प्रभंजन अपने बड़े भाई और कुछ करीबी दोस्तों को देते हैं, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया और सहयोग किया।

भविष्य की योजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि उनका अंतिम लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाना है।

युवाओं को संदेश देते हुए प्रभंजन कुमार चौबे ने कहा, "मेहनत करो इतना कि ऊपर वाला तुम्हारी तकदीर तुम्हारे हिसाब से लिखने को मजबूर हो जाए। कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है।" उनका यह संदेश आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। प्रभंजन की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu