बक्सर । बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले "पंचायत विकास दिवस" के तहत रविवार को ऊर्जा विभाग के सचिव सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड एवं बक्सर जिले के प्रभारी सचिव अजय यादव (भा.प्र.से.) ने सदर प्रखंड की चुरामनपुर ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की तथा ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक प्रसारण भी सुना।
इस बार पंचायत विकास दिवस का विषय "महिला हितैषी पंचायत" रहा। कार्यक्रम में महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी, जेंडर समानता, महिला एवं बालिका सुरक्षा, शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की उपलब्धता, महिला अनुकूल आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा समावेशी ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के बाद ऊर्जा सचिव अजय यादव ने डुमरांव 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रिड की परिचालन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, पावर ट्रांसफॉर्मर सहित अन्य प्रमुख उपकरणों की कार्यक्षमता, सुरक्षा मानकों एवं अनुरक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों से तकनीकी एवं परिचालन संबंधी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी विद्युत उपकरणों का नियमित एवं समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान कर उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments