बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राजपुर कला निवासी अभिषेक कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर ग्राम बड़का राजपुर में निर्माणाधीन ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण क्षेत्र के प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्वर्गीय पंडित केशव प्रसाद मिश्र की स्मृति में किए जाने की मांग की है।
आवेदन में अभिषेक मिश्रा ने बताया कि स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र को दियांचल का “मालवीय” कहा जाता था। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय, बड़का राजपुर की स्थापना की थी। उनके प्रयासों से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला और आज भी उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि यह मांग केवल उनकी व्यक्तिगत भावना नहीं, बल्कि ग्रामवासियों, शिक्षा प्रेमियों, विद्यालय के पूर्व छात्रों तथा क्षेत्र के जागरूक नागरिकों की सामूहिक इच्छा का प्रतिनिधित्व करती है। आवेदन में जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि जनभावनाओं, ऐतिहासिक महत्व, शैक्षणिक योगदान एवं सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण “दियांचल के मालवीय स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र स्मृति द्वार” के रूप में किया जाए।
इस मांग को लेकर तैयार आवेदन पत्र पर गांव के दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन भी दर्ज कराया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में स्व. मिश्र के योगदान को देखते हुए उनके नाम पर ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी।
अभिषेक मिश्रा ने बताया कि आवेदन की प्रतिलिपि बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद, बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री, ब्रह्मपुर विधायक, राजपुर पंचायत के मुखिया तथा प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय, बड़का राजपुर के प्रधानाचार्य को भी भेजी गई है। ग्रामीणों और पूर्व छात्रों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए स्व. पंडित केशव प्रसाद मिश्र के नाम पर ग्राम प्रवेश द्वार का नामकरण कर क्षेत्र की शैक्षणिक और सामाजिक विरासत को स्थायी पहचान प्रदान करेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments