Ad Code

जिला परिषद विवाद पर पूर्व अध्यक्ष विद्या भारती का बड़ा हमला, बोलीं- धरना अपनी नाकामियां छिपाने का प्रयास


बक्सर । जिला परिषद कार्यालय में जारी धरना-प्रदर्शन और विवाद को लेकर जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष विद्या भारती ने वर्तमान नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद में चल रहा धरना-प्रदर्शन जनहित या विकास कार्यों के लिए नहीं, बल्कि कुछ लोगों द्वारा अपनी नाकामियों और मनमानी को छिपाने की कोशिश है।




मीडिया से बातचीत करते हुए विद्या भारती ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान जिला परिषद और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय था। उन्होंने दावा किया कि उस समय अधिकारियों द्वारा जिला परिषद अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से लिया जाता था और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सकारात्मक सहयोग मिलता था। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिला परिषद को एक मजबूत संस्था के रूप में स्थापित करना और जिले के विकास को नई दिशा देना था, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियों के कारण उनका कार्यकाल बीच में ही समाप्त हो गया।

पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ अनुभवी जिला परिषद सदस्यों ने अपने निजी हितों की पूर्ति के लिए संस्था को गुमराह किया और इसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत लाभ के उद्देश्य से नेतृत्व परिवर्तन कराया गया और अब धरना-प्रदर्शन के माध्यम से खुद को बेहतर साबित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वर्तमान अध्यक्ष के पास जिला परिषद की पूरी जिम्मेदारी और अधिकार हैं, तो फिर धरना-प्रदर्शन की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासनिक अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे हैं, तो यह नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल खड़ा करता है।





विद्या भारती ने मौजूदा विवाद की जड़ लाइब्रेरी प्रकरण को बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला परिषद सदस्यों की जानकारी और अनुशंसा के बिना विभिन्न क्षेत्रों में लाइब्रेरी खोलने की प्रक्रिया अपनाई गई। इसे पारदर्शिता के अभाव का मामला बताते हुए उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि किसी भी योजना के क्रियान्वयन से पहले संबंधित जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेना आवश्यक है।

पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि जिला परिषद त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था की सर्वोच्च इकाई है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान विवाद के कारण बक्सर जिला परिषद की छवि पूरे बिहार में प्रभावित हुई है। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने और जवाबदेही तय करने की मांग की।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu