Ad Code

70वीं बीपीएससी में मनीष कुमार चौधरी का चयन, ग्रामीण विकास पदाधिकारी बन बढ़ाया बक्सर का मान



बक्सर । बक्सर जिले के मूल निवासी मनीष कुमार चौधरी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में घोषित परिणाम में उनका चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी (Rural Development Officer) पद के लिए हुआ है। उन्होंने 1580वीं रैंक प्राप्त की है। 




मनीष कुमार चौधरी के पिता विनोद कुमार बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं, जबकि उनकी माता दुलाली देवी गृहिणी हैं। मनीष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, कहलगांव से वर्ष 2016 में पूरी की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय का रुख किया और राजनीतिक विज्ञान विषय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

स्नातक के बाद मनीष ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी शुरू की। इस दौरान उन्होंने दो बार यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण की, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग की ओर अपना ध्यान केंद्रित किया और पहले गंभीर प्रयास में ही सफलता प्राप्त करते हुए ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद पर चयनित हो गए।





अपनी सफलता पर मनीष ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाइयों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मनीष ने कहा कि वह अपने पद और जिम्मेदारियों का उपयोग समाज की भलाई तथा लोकहित के कार्यों के लिए करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu