बक्सर । रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में 30 लीटर अवैध शराब के साथ दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई "ऑपरेशन-सतर्क" के तहत विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुन्दन सिंह ने बताया कि मंगलवार को करीब 11 बजे बक्सर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20802 डाउन के आगमन के बाद आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा ट्रेन की सघन जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध बैगों की तलाशी लेने पर कुल 30 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 25,380 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान इंदु देवी (32 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय शैलेश रविदास, निवासी गोनपुरा, थाना फुलवारी शरीफ, जिला पटना तथा सविता देवी (35 वर्ष), पत्नी बबलू पासवान, निवासी चिकसी, थाना सिगोरी, जिला पटना के रूप में हुई है।
आरपीएफ एवं जीआरपी ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ जीआरपी थाना बक्सर में मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments