बक्सर । ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि मंगलवार को जिलेभर में मां गंगा का अवतरण दिवस “गंगा दशहरा” श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। अहले सुबह से ही शहर के विभिन्न गंगा घाटों, विशेषकर रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की तथा दान-पुण्य कर सुख-समृद्धि की कामना की। घाट क्षेत्र “हर-हर गंगे” और “गंगा मैया की जय” के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
हिंदू धर्म में मां गंगा को मोक्षदायिनी और पापों का नाश करने वाली देवी माना जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान करने से मनुष्य के दस प्रकार के पापों का नाश होता है।
रामरेखा घाट गंगा आरती पूजा समिति के मुख्य पुजारी पंडित लाला बाबा ने बताया कि ज्येष्ठ शुक्ल दशमी तिथि एवं हस्त नक्षत्र के शुभ संयोग में इस वर्ष गंगा दशहरा का पर्व मनाया गया। उन्होंने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों की आत्मा की मुक्ति के लिए मां गंगा को धरती पर लाया था, इसलिए गंगा को भागीरथी भी कहा जाता है।
रामेश्वरम मंदिर के पुजारी धनजी बाबा ने बताया कि गंगा दशहरा के दिन प्रातःकाल गंगा स्नान कर सूर्य भगवान को अर्घ्य देने की परंपरा है। श्रद्धालु पान के पत्ते पर फूल और अक्षत रखकर जल में प्रवाहित करते हैं। उन्होंने कहा कि “दशहरा” का अर्थ दस विकारों का नाश है और इस दिन श्रद्धा भाव से गंगा स्नान करने से समस्त पाप समाप्त हो जाते हैं।
गंगा दशहरा को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विभिन्न घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मोटर बोट के माध्यम से लगातार गंगा में गश्ती करती रही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रामरेखा घाट मुख्य द्वार पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मॉडल थाना के पास भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया।
स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु रामरेखा घाट स्थित मीना बाजार पहुंचे, जहां दिनभर चहल-पहल बनी रही। मेले में खिलौने, धार्मिक सामग्री, मिठाइयों और घरेलू सामानों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। गंगा दशहरा के अवसर पर पूरा घाट क्षेत्र भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments