बक्सर । धनसोई बाजार में हुई हर्ष फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने प्रेसवार्ता आयोजित कर मामले की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 26 मार्च को सूचना मिली थी कि धनसोई बाजार क्षेत्र में एक कार सवार व्यक्ति द्वारा फायरिंग की जा रही है, जिससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल कार्रवाई की गई।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को घेरने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सवार युवक पुलिस को देखकर धनसोई पेट्रोल पंप के समीप कार खड़ी कर भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दो युवकों को मौके से हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिसौंधा निवासी गोलु कुमार यादव और श्याम कुमार उर्फ लड्डु के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, चार खोखा और प्रयुक्त कार बरामद की है। इस संबंध में धनसोई थाना में कांड संख्या 39/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। एसडीपीओ ने बताया कि धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार, उपनिरीक्षक कमल कुमार सिंह, अभय कुमार एवं सशस्त्र बल के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments