बक्सर । बक्सर नगर स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष पद के संगठनात्मक चुनाव के दौरान रविवार को गोयल धर्मशाला में जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। चुनाव प्रक्रिया शुरू होते ही निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशोक यादव के समर्थकों और अन्य दावेदारों के समर्थकों के बीच कई बार झड़प देखने को मिली। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के दावेदार रविराज, राघवेंद्र उज्जैन, राजकुमार शर्मा सहित अन्य संभावित उम्मीदवारों को चुनाव स्थल पर प्रवेश नहीं दिए जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इन दावेदारों को नामांकन दाखिल करने से रोका गया और कुछ को पुलिस द्वारा थाने में बैठा दिया गया। इससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई।
दावेदारों और उनके समर्थकों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशोक यादव के इशारे पर पुलिस ने अन्य प्रत्याशियों को चुनाव में भाग लेने से रोका। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जाता है कि अशोक यादव कई वर्षों से बक्सर जदयू के जिलाध्यक्ष पद पर बने हुए हैं। संगठनात्मक चुनाव के दिन वायरल वीडियो में अन्य दावेदारों को पर्चा दाखिल करने से रोके जाने का दृश्य सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन की मौजूदगी में इस तरह की घटनाएं होना चिंताजनक है। वहीं विपक्षी गुट ने सवाल उठाया है कि जब आज मतदान होना है तो ऐसी परिस्थितियों में चुनाव की निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद गोयल धर्मशाला परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments