बक्सर । नगर पंचायत ब्रह्मपुर में होल्डिंग टैक्स की वसूली प्रक्रिया को लेकर सामाजिक मंच ने गंभीर सवाल उठाए हैं। मंच के प्रभारी नागेंद्र मोहन सिंह ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को 11 बिंदुओं पर जवाब देने के लिए ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।
नागेंद्र मोहन सिंह ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बिना आम सभा किए ही अचानक 31 मार्च 2026 तक होल्डिंग टैक्स जमा करने की घोषणा कर दी गई है, जिससे नगर की जनता में भय और असमंजस की स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की जनता को अंधेरे में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
ज्ञापन में नगर पंचायत से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी गई हैं। इसमें बोर्ड की बैठक से संबंधित पूरी जानकारी, प्रधान सड़क, मुख्य सड़क और अन्य सड़कों के लिए टैक्स दर का निर्धारण किसके द्वारा और कब किया गया, इसकी जानकारी मांगी गई है। साथ ही मकानों की सूची और होल्डिंग नंबर किस वर्ष तैयार किए गए, मकानों के स्वरूप और उनके वार्षिक मूल्य का निर्धारण कब और किस नियम के तहत किया गया, इसका भी विवरण देने की मांग की गई है।
सामाजिक मंच ने यह भी पूछा है कि वर्तमान में होल्डिंग टैक्स की वसूली किस कर्मचारी या एजेंसी के माध्यम से कराई जा रही है तथा नगर पंचायत द्वारा जनता को कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 से 2026 तक के आय-व्यय का वर्षवार हिसाब, सशक्त समिति और साधारण समिति की बैठकों का पूरा ब्यौरा भी मांगा गया है।
मंच के पदाधिकारियों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब नगर पंचायत ब्रह्मपुर का गठन वर्ष 2023 में हुआ है, तो फिर वर्ष 2021 से टैक्स वसूली किस आधार पर की जा रही है।
इस संबंध में दिए गए ज्ञापन पर नागेंद्र मोहन सिंह, संदीप कुमार राय, सहबुद्दीन, डॉ. शिवशंकर यादव, राजकुमार शर्मा, पिंकू सिंह, संजय राज पांडेय, उदयराज पांडेय, धनंजय चौरसिया, राशबिहारी यादव समेत सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments