बक्सर । रेलवे स्टेशन परिसर में एक दिव्यांग व्यक्ति से मोबाइल और नकद रुपये छीनने की घटना सामने आई है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और छीना गया सामान बरामद कर लिया।
पीड़ित दिव्यांग ने शिकायत दर्ज कराई कि स्टेशन परिसर में एक युवक ने जबरन उससे मोबाइल फोन और नकद रुपये छीन लिए। सूचना मिलते ही आरपीएफ बक्सर और जीआरपी बक्सर की टीम सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त टीम का गठन कर स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान टीम ने टेक्निकल एनालिसिस के साथ-साथ अपने विश्वसनीय स्रोतों को भी सक्रिय किया। लगातार प्रयास और पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए, जिसे पीड़ित से छीना गया था।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार (20 वर्ष), पिता चंद्र भूषण दास, निवासी शांतिनगर, थाना-नगर, जिला बक्सर के रूप में हुई है। संयुक्त टीम द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरपीएफ और जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments