बक्सर । शनिवार को बक्सर जिले में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कार्यक्रम के अवसर पर बिहार सरकार की माननीया खेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह का आगमन हुआ। उनके बक्सर पहुंचने पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ की प्रदेश महिला खेल संयोजिका एवं बक्सर जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान वर्षा पांडेय ने माननीया मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए बक्सर जिले में क्रिकेट को समर्पित, आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रिकेट मैदान अथवा मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि बक्सर जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों वाले जिले में क्रिकेट के लिए एक समर्पित एवं मानक सुविधाओं से युक्त मैदान की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि स्थानीय युवा, महिलाएं एवं उभरते खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का लाभ उठा सकें।
वर्षा पांडेय ने बताया कि बक्सर में खेल अवसंरचना लगातार सशक्त हो रही है और बिहार सरकार के सहयोग से जिले में एक बड़े स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो राज्य सरकार तथा खेल मंत्री की खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बक्सर की बेटी अनु चौधरी का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि ब्लाइंड विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम में उनकी अहम भूमिका इस बात का प्रमाण है कि बक्सर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभा मौजूद है, जिसे सही मंच और बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता है।
माननीया खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बिहार सरकार द्वारा संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वहां की शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा प्रकोष्ठ से जुड़े पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बक्सर में खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ और सशक्त करने का संकल्प दोहराया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments