बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि गुरुवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा रोहनीभान गांव के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दौड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया, जबकि मौके से बाइक भी जब्त की गई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी अनिल राय के पुत्र सत्यम राय और नित्यानंद शर्मा के पुत्र राजाबाबू शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे हथियार लोगों को डराने-धमकाने और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में लहराकर धाक जमाने के उद्देश्य से रखते थे।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, डीआईयू के चंदन कुमार, सुभाष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments