Ad Code

महाराणा फाउंडेशन के सचिव योगेंद्र सिंह की दिवंगत पुत्री को नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि : डॉ. आशुतोष सिंह


बक्सर । चौगाई प्रखंड के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत वैसेगांव–फफ़दर में गुरुवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में महाराणा फाउंडेशन के सचिव योगेंद्र सिंह की दिवंगत पुत्री स्वर्गीय शिक्षिका अंशु कुमारी को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के प्रबुद्ध लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

श्रद्धांजलि सभा में महाराणा फाउंडेशन के संरक्षक सह मां शिवरात्रि हॉस्पिटल के निदेशक एवं प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. आशुतोष सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. अंशु कुमारी का असामयिक निधन समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर राजपुर के मुखिया सतेंद्र सिंह, एकरासी पंचायत के मुखिया कमल प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता इंद्रजीत बहादुर सिंह उर्फ चुनु जी, प्रतिष्ठित व्यवसायी कृष्णा सिंह, प्रसिद्ध गीतकार पंकज बसुधरी,समाजसेवी रामजी सिंह, रुद्रा प्रताप सिंह, झूलन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




उल्लेखनीय है कि पिछले 12 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय बक्सर नगर के नेहरू नगर निवासी एवं महाराणा फाउंडेशन के सचिव योगेंद्र सिंह की पुत्री स्व. अंशु कुमारी का निधन 22 जनवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पटना के पारस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हो गया था। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। गुरुवार को उनका श्राद्धकर्म उनके ससुराल वैसेग्राम–फफ़दर (थाना–मुरार, प्रखंड–चौगाई) में संपन्न हुआ।

डॉ. आशुतोष सिंह ने बताया कि योगेंद्र सिंह के परिवार पर एक के बाद एक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुछ समय पूर्व नेशनल हाईवे-922 पर पड़री मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से योगेंद्र सिंह स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनका पैर क्षतिग्रस्त हो गया और वे वर्तमान में बेडरेस्ट पर हैं। इसी दौरान उन्हें देखने अस्पताल जा रही उनकी पुत्री अंशु कुमारी भी सड़क हादसे की शिकार हो गईं, जिससे उनका दुखद निधन हो गया।

स्व. अंशु कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, नवानगर से हुई थी, जहां उन्होंने एक मेधावी छात्रा के रूप में अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2008 में 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया। वर्ष 2013 में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से एम.ए. की परीक्षा में उन्होंने सिल्वर मेडल प्राप्त किया, जिसके लिए तत्कालीन राज्यपाल एवं पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया था।





उन्होंने 2013 की टीआरई परीक्षा उत्तीर्ण कर 2014 में मध्य विद्यालय, डेढ़गांव से शिक्षक के रूप में अपनी सेवा प्रारंभ की। हाल ही में वे पीएम श्री विद्यालय, डेढ़गांव हाई स्कूल में भी अपनी सेवाएं दे रही थीं। उनका विवाह वर्ष 2019 में वैसेग्राम निवासी सुजींद्र सिंह के पुत्र चंदन निराला से हुआ था, जो वर्तमान में बेंगलुरु में सीनियर डेटा एनालिस्ट के पद पर कार्यरत हैं।

स्व. अंशु कुमारी अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र विवान निराला, माता राज देवी, पिता योगेंद्र सिंह, भाई आदर्श सिंह (वैज्ञानिक, क्वींस कॉलेज, कनाडा), अनमोल सिंह तथा बहन आकांक्षा सिंह सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu