बक्सर । जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़री पंचायत में उपमुखिया पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। पंचायत के उपमुखिया दिनेश तिवारी पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया गया। घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपमुखिया दिनेश तिवारी किसी कार्य से जा रहे थे, तभी बाइक सवार कुछ हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए हमलावरों से उन्हें बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।स्थिति नाजुक होने के कारण स्थानीय चिकित्सकों ने उन्हें बनारस स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। दो दिनों तक इलाज चलने के बाद अब उपमुखिया अपने घर लौट आए हैं, हालांकि परिवार अब भी दहशत में है।
इस मामले में पंचायत के मुखिया दीपनारायण सिंह के बेटों पर हमला करवाने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर उपमुखिया द्वारा आवाज उठाई जा रही थी, जिसके कारण यह हमला कराया गया। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments