Ad Code

छह घंटे की तलाश के बाद पुआल में सुरक्षित मिला डेढ़ वर्षीय बच्चा, अपहरण की आशंका निकली गलत



बक्सर । मुरार थाना क्षेत्र के आमसारी गांव में बुधवार को डेढ़ वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण की सूचना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुरार पुलिस हरकत में आ गई और करीब छह घंटे तक लगातार खोजबीन करती रही। देर रात करीब 11 बजे बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों सहित पुलिस ने राहत की सांस ली।



प्राप्त जानकारी के अनुसार आमसारी गांव निवासी पंकज कुमार सिंह का डेढ़ वर्षीय पुत्र बुधवार की दोपहर अचानक घर से गायब हो गया। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो घबराए परिजन मुरार थाना पहुंचे और अपहरण की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष नेहा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच अभियान शुरू कर दिया।

छानबीन के दौरान ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि बच्चे को गांव के बाहर पुआल की ओर मंटू कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय महेश सिंह, के साथ जाते हुए देखा गया था। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बच्चा पुआल में सुरक्षित पड़ा मिला, जबकि मंटू कुमार सिंह शराब के नशे में पास ही बेसुध अवस्था में सोया हुआ पाया गया।

पुलिस की गहन जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मंटू कुमार सिंह की मंशा बच्चे के अपहरण की नहीं थी। बताया गया कि वह बच्चे से काफी स्नेह रखता था और खेलने के लिए उसे अपने साथ ले गया था। शराब के नशे के कारण वहीं सो जाने से बच्चा पुआल के पास ही छूट गया, जिससे यह पूरा मामला गलतफहमी का रूप ले बैठा।

घटना की पुष्टि के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी के विरुद्ध किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि बच्चा काफी देर तक ठंड में पुआल पर पड़ा रहा था, इसलिए एहतियात के तौर पर उसका मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है, ताकि उसकी सेहत की पूरी तरह जांच हो सके। फिलहाल बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu