बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड में धान खरीद की प्रक्रिया किसानों की उम्मीद के अनुरूप नहीं चलने से उनमें भारी नाराजगी देखी जा रही है। किसानों का आरोप है कि कृषि विभाग द्वारा गलत उत्पादन रिपोर्ट भेजे जाने के कारण सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीद के लक्ष्य में कटौती कर दी है। इस कटौती को पैक्स प्रबंधन ने बहाना बना लिया है और गत वर्षों की तुलना में कम धान क्रय करने का हवाला देकर किसानों पर दबाव बनाया जा रहा है।
पैक्सों में धान खरीद की रफ्तार काफी धीमी है। लक्ष्य पूरा हो जाने का बहाना बनाकर कई पैक्स धान खरीदने से इनकार कर रहे हैं। नतीजतन किसान मजबूरी में व्यापारियों को ₹1500 से ₹1650 प्रति क्विंटल की दर से धान बेचने को विवश हैं, जबकि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2369 प्रति क्विंटल है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल सैकड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं पैक्स प्रबंधन 17 प्रतिशत से अधिक नमी का हवाला देकर भी धान खरीदने से इंकार कर रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर समाजसेवी शैलेश ओझा एवं भाजपा नेता शंभू चंद्रवंशी ने सहकारिता मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र में धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने, खरीद प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता लाने तथा बिचौलियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि धीमी खरीद का फायदा बिचौलिए उठा रहे हैं, जो किसानों से कम दाम पर धान खरीदकर पैक्स में बेच रहे हैं।
मुलाकात के दौरान सहकारिता मंत्री ने किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए धान खरीद में तेजी लाने और छोटे किसानों से भी धान खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश देने की बात कही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments