बक्सर । मां गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयासरत गंगा युवा समिति चौसा के संयोजक भरत पांडेय आज युवाओं के बीच प्रेरणा का स्रोत बनते जा रहे हैं। हर रविवार “गंगा पुकार, निर्मल गंगा संकल्प हमारा” के जयघोष के साथ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस बार 315वें रविवार (सप्ताह) गंगा स्वच्छता महा अभियान का आयोजन किया गया।
नगर पंचायत चौसा के बाजार घाट पर रविवार सुबह सात बजे से नौ बजे तक समिति से जुड़े युवाओं ने सामूहिक रूप से गंगा सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान घाट पर स्नान करने आई माताओं-बहनों एवं युवाओं को गंगा की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। भरत पांडेय ने कहा कि मां गंगा केवल नदी नहीं, हमारी संस्कृति और आस्था की प्रतीक हैं, जिनकी स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
लगातार वर्षों से चल रहा यह अभियान युवाओं में एक नई सोच और जिम्मेदारी का भाव जगा रहा है। गंगा स्वच्छता के प्रति समर्पण के कारण भरत पांडेय युवाओं के बीच एक अलग पहचान और सम्मानित प्रतिनिधि के रूप में उभर कर सामने आए हैं।
इस अभियान में मंगल देव पासवान, राधेश्याम चौधरी, प्रमोद कुमार, नीरज चौरसिया सहित समिति के अन्य साथी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और गंगा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments