बक्सर । औद्योगिक थाना क्षेत्र के परसिया गांव में शुक्रवार दोपहर घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए आपसी झगड़े में पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बीच-बचाव करने गई एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार परसिया गांव निवासी श्रवण राम और उसकी पत्नी रेखा देवी (उम्र लगभग 35 वर्ष) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए श्रवण राम ने घर में पड़ी खाट की पटिया से रेखा देवी के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची श्रवण राम के भाई साजन की पत्नी डिंपल देवी (उम्र लगभग 30 वर्ष) तथा एक अन्य रिश्ते की महिला ने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिसमें डिंपल देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद परसिया गांव में मातम का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments