बक्सर । उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पटना में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन किया। साथ ही डिजिटल माध्यमों के जरिए उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निपटारे पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में बक्सर जिले से जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्य डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता हितों की रक्षा, ई-जागृति पोर्टल के उपयोग, उपभोक्ता न्याय की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा डिजिटल बाजारों में उपभोक्ताओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने कहा कि वे बक्सर जिले में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बक्सर में जागृति ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार और उपभोक्ता शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1915 को प्राथमिकता के साथ आम जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
डॉ. तिवारी ने कहा कि जागृति ऐप और 1915 हेल्पलाइन के माध्यम से उपभोक्ता अपनी समस्याओं को आसानी से दर्ज करा सकते हैं और समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन डिजिटल माध्यमों के प्रभावी प्रचार से बक्सर जिले में उपभोक्ता संरक्षण व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा आम उपभोक्ताओं को शीघ्र और सहज न्याय मिलेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments