बक्सर । जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत केशोपुर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 12 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे चर्चित स्नैक रेस्क्युवर हरिओम चौबे ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया।
अजगर के दिखने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। रेस्क्युवर हरिओम चौबे ने बताया कि इस अजगर का वजन 15 किलो से अधिक है और यह कुत्ते, हिरण या बछड़े जैसे जानवरों को आसानी से निगल सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशाल अजगर बच्चों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकते हैं।
हरिओम चौबे अब तक 5 हजार से अधिक खतरनाक और विषैले सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अजगर दुनिया के सबसे लंबे और ताकतवर सांपों में शामिल होते हैं, जिनकी लंबाई 30 फीट तक हो सकती है। बक्सर के गंगा तटीय इलाकों में अजगरों की मौजूदगी अपेक्षाकृत अधिक देखी जाती है।
रेस्क्युवर के अनुसार, केशोपुर गांव में मिला यह अजगर अब तक बक्सर जिले में रेस्क्यू किया गया सबसे लंबा सांप बताया जा रहा है। अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रशासन से ऐसे मामलों में सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments