बक्सर । विश्व में फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में फैज एकादश बक्सर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरपुर की टीम को चार विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच का रंगारंग उद्घाटन साइबर डीएसपी अविनाश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले से गेंद को हिट कर किया। इस अवसर पर सेठ छन्नूलाल, डॉ. श्रवण तिवारी, संजय राय, नेमतुल्लाह फरीदी, ओमजी यादव, दुर्गा वर्मा, फसीह आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर बक्सर के कप्तान फरह अंसारी ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुजफ्फरपुर की टीम 20.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 140 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आदित्य ने 37 रन, आदर्श ने 26, अरविंद ने 22, मयंक कुमार ने 21 और अतुल प्रियंकर ने 12 रन का योगदान दिया। बक्सर की गेंदबाजी में अर्णव किशोर ने तीन विकेट झटके, जबकि फरह अंसारी और दीपक को दो-दो विकेट मिले।
विकास पटेल ने एक विकेट लिया, वहीं दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैज एकादश बक्सर की शुरुआत लड़खड़ाती रही और टीम ने एक समय 89 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सातवें विकेट के लिए अमरेंद्र तिवारी (नाबाद 34) और अंकित सिंह (नाबाद 31) के बीच 52 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत टीम ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके अलावा कुंदन वर्मा ने 37 रन, हृदयानंद ने 19 और अर्णव ने 11 रन बनाए। मुजफ्फरपुर की ओर से आदर्श पाराशर और विक्की रंजन ने दो-दो विकेट, जबकि मयंक और शोभित ने एक-एक विकेट लिया।
इस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए बक्सर के अर्णव किशोर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार रवीश कुमार सिंह की ओर से प्रदान किया गया। वहीं पूर्व पार्षद राम इकबाल सिंह द्वारा कमेंटेटर और स्कोरर को क्रमशः 5000 एवं 10000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। नेमतुल्लाह फरीदी और दुर्गा प्रसाद वर्मा को बेहतर खेल मैदान एवं पिच निर्माण के लिए चांदी के दस रुपये का स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार यादव और संजीव तिवारी ने निभाई। ऑनलाइन स्कोरिंग अमन फरीदी, ऑफलाइन स्कोरिंग रणधीर सिंह व नारायण ने की, जबकि कमेंट्री विक्की जयसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की। आयोजन समिति के सदस्य इमरान फरीदी, मनीष पासवान, राकेश महतो, बबलू बाली, पप्पू चौबे, रोहित सिंह, हरेराम पासवान, दिनानाथ ठाकुर सहित वार्ड पार्षद, मीडिया कर्मी और हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी दर्शक मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि स्वर्गीय फैज अहमद की पुण्यतिथि पर मंगलवार को ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ओमजी यादव, सैफ अंसारी सहित कई रक्तवीर अहम भूमिका निभाएंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पटना एकादश और फैज एकादश बक्सर के बीच खेला जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments