बक्सर । सनातन संस्कृति, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्रचेतना के मूल्यों को समर्पित संगठन विश्वामित्र सेना के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले “स्थापना दिवस सह कंबल वितरण समारोह” की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। संगठन के सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
यह कार्यक्रम 22 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक बक्सर स्थित वामन आश्रम खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया जाएगा, जो संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
कार्यक्रम को लेकर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि विश्वामित्र सेना का गठन सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रथम स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व के संकल्प का प्रतीक है। बक्सर देवभूमि है और यहां से सनातन चेतना को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाना संगठन का लक्ष्य है। कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य हमारी संस्कृति और संस्कारों की सजीव अभिव्यक्ति हैं।
उन्होंने आगे कहा कि विश्वामित्र सेना का यह प्रथम स्थापना दिवस बक्सर को सनातन चेतना की भूमि के रूप में और अधिक प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
संगठन की ओर से समाज के सभी वर्गों, संत समाज, बुद्धिजीवियों, मातृशक्ति एवं युवाओं से इस पावन आयोजन में सहभागिता की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि जनसहभागिता से यह कार्यक्रम न केवल सफल होगा, बल्कि बक्सर की सनातन संस्कृति के उत्थान को नई ऊर्जा और दिशा भी प्रदान करेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments