Ad Code

जाति प्रमाण पत्र को लेकर युवा खरवार महासभा का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला


बक्सर । मंगलवार को बक्सर समाहरणालय में युवा खरवार महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार अपने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के कुछ प्रखंडों में खरवार जाति के जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग, पटना द्वारा 19 सितंबर 2005 को जारी आदेश के तहत खरवार जाति का प्रमाण पत्र बिहार के सभी प्रखंडों में सुचारू रूप से जारी किया जाना है। 



राज्य के अधिकांश जिलों एवं प्रखंडों में इसका पालन भी हो रहा है, लेकिन बक्सर जिले के राजपुर, इटाढ़ी एवं चौसा प्रखंडों में अब तक जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन तीनों प्रखंडों को छोड़कर जिले के अन्य सभी प्रखंडों में प्रमाण पत्र निर्गत किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष रूप से इटाढ़ी अंचलाधिकारी द्वारा जनजाति विरोधी भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही, खरवार समाज के लोगों के अंचल कार्यालय जाने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। राजपुर अंचलाधिकारी पर भी प्रमाण पत्र जारी नहीं करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खरवार समाज के विकास के लिए एनडीए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह वर्तमान पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने खरवार समाज के एक प्रतिनिधि को एसटी आयोग में स्थान देकर पूरे समाज का मान-सम्मान बढ़ाया है।
श्री खरवार ने विश्वास जताया कि बिहार में लगभग 20 लाख की आबादी वाले खरवार समाज के हक और अधिकार की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ी जाएगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu