Ad Code

30 लाख से अधिक की ड्रग्स के साथ असम में पकड़ा गया बक्सर का वार्ड पार्षद प्रतिनिधि, सुरक्षा एजेंसियों ने ड्रग्स रैकेट का किया पर्दाफाश


बक्सर । असम के मोरियानी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विवेक एक्सप्रेस डाउन ट्रेन से 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स बरामद की है। इस कार्रवाई में बक्सर जिले के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिहार गांव निवासी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू कुमार राम,पिता- स्व. रामनाथ राम के रूप में हुई है।


असम पुलिस के अनुसार नियमित जांच के दौरान ट्रेन से यह खेप बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्रग्स को होजाई से तिनसुकिया की ओर ले जाया जा रहा था, जहां से इसे ऊपरी असम में सप्लाई किए जाने की योजना थी। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजू कुमार राम लंबे समय से ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने का आरोपी रहा है। आरोप है कि उसने बीते दो वर्षों में अवैध कारोबार के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की है। गांव में कीमती जमीन खरीद कर आलीशान मकान बनाने के साथ-साथ बलिया, भरौली, डुमरांव सहित अन्य स्थानों पर भी संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि उसे लग्जरी कारों का भी शौक है। 
वहीं, उसके भाई पप्पू राम पर राजनीतिक संरक्षण के जरिए तस्करी नेटवर्क को सहयोग देने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार डुमरांव के तत्कालीन एसडीपीओ आफाक अख्तर को भी पूर्व में राजू राम की गतिविधियों की जानकारी मिली थी और उसे पकड़ने के प्रयास किए गए थे, लेकिन हर बार वह बच निकलने में सफल रहा। स्थानीय लोगों के बीच यह आरोप भी चर्चा में रहा है कि राजू राम फर्जी एससी-एसटी मामलों में लोगों को फंसाने और दबाव बनाकर अवैध उगाही करता था।

फिलहाल असम पुलिस सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में आरोप सिद्ध होने की स्थिति में अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इस गिरफ्तारी के बाद ड्रग्स तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu