बक्सर । हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर, बक्सर (+2 स्तरीय) में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन द्वारा शहीदों के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विद्यालय के संस्थापक स्व. दिलीप कुमार पाठक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण किया गया।
देशभक्ति नारों के बीच विद्यालय के अध्यक्ष श्री प्रेम कुमार पाठक ने झंडोत्तोलन किया। इसके उपरांत अध्यक्ष श्री प्रेम कुमार पाठक, निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक एवं प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने गणतंत्र दिवस की महत्ता, इसके पीछे के संघर्षों और संविधान की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों एवं उपस्थित जनसमूह को प्रेरणास्पद संदेश दिया।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हेरिटेज स्कूल के विद्यार्थियों ने ओजपूर्ण भाषण, देशभक्ति गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक ने अपने ओजस्वी संबोधन में लोकतांत्रिक गणराज्य, संविधान एवं उसकी प्रस्तावना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को रेखांकित किया तथा विद्यार्थियों को सीखने की कला से युक्त समग्र शिक्षा प्राप्त कर समाज का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर गणराज्य की स्थापना तक की यात्रा का वर्णन करते हुए बच्चों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराया और संविधान की रक्षा का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कक्षा 8 के छात्र दक्ष पाठक एवं कक्षा 9 की छात्रा शिवानी पांडेय ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दित्या पाठक, साक्षी, अनमोल, शौर्य, हिमांशु, अमृत, भव्या, स्नेहांश, रोशन, अर्चित, श्रेष्ठ, प्रांजल, सूरज, रूपेश, नित्या, कार्तिक, शिवांश, राजवीर, कृष्णा कुमार, अंजली, आर्या, जाह्नवी, तेजश्री, राजलक्ष्मी, दिव्यांशी, खुशी, अंश ओझा सहित अनेक विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। छात्रों ने हिंदी, संस्कृत एवं अंग्रेजी में अपने विचार प्रस्तुत किए तो वहीं देशभक्ति गीतों और नृत्यों ने माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पुष्पेंदु मिश्रा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना की तथा विशेष रूप से श्री सुदीप कुमार पाठक एवं नंदन पाठक के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...














0 Comments